मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व पुलिस महानिरीक्षक बिमला गुंज्याल और पूर्व कर्नल यशपाल सिंह नेगी को क्रमशः पिथौरागढ़ की गुंजी ग्राम पंचायत और पौड़ी जनपद की बिरगण ग्राम पंचायत से निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने जाने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को उत्तराखंड में रिवर्स पलायन का एक प्रेरणादायक और सकारात्मक उदाहरण बताया।

पंचायती राज को मिलेगी मजबूती, ग्रामीण विकास को नया मार्ग
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों का ग्राम प्रधान चुना जाना पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करेगा। उनके अनुभव और सेवाभाव से ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि गुंजी और बिरगण पंचायतें भविष्य में मॉडल ग्राम के रूप में उभरेंगी।
सेवानिवृत्ति के बाद सेवा का नया स्वरूप
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस प्रकार के उदाहरण यह सिद्ध करते हैं कि रिटायरमेंट के बाद भी कोई व्यक्ति अपने अनुभव, समर्पण और सेवा भावना से गांव की उन्नति में अहम भूमिका निभा सकता है। यह समाज के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
राज्य सरकार दे रही रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण आजीविका, कृषि, बागवानी और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि गांव आत्मनिर्भर बनें और रिवर्स पलायन की यह प्रेरक परंपरा और अधिक मजबूत हो सके। सरकार ऐसे प्रयासों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।