देहरादून:
उत्तराखंड में जल्द ही मानसून की आधिकारिक दस्तक होने जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 जून के आसपास मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, जिसकी शुरुआत कुमाऊं मंडल से होगी और इसके बाद गढ़वाल मंडल के जिलों में इसका असर दिखेगा।

इससे पहले राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश जारी है, जो 18 से 24 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश के रूप में देखने को मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक, मानसून बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में पहुंच चुका है और उत्तराखंड पहुंचने में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है।
पहले कुमाऊं, फिर गढ़वाल में बारिश
जैसे ही मानसून दस्तक देगा, कुमाऊं के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद गढ़वाल मंडल के देहरादून, पौड़ी और अन्य जिलों में बारिश की तीव्रता देखने को मिलेगी। इस दौरान नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने की आवश्यकता है।

देहरादून में इस सप्ताह रहेगा बारिश का दौर
राजधानी देहरादून में इस पूरे सप्ताह बारिश के दो-दो दौर देखने को मिल सकते हैं, जिससे शहर का मौसम सुहावना बना रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।