जम्मू के पहलगाम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की दुर्घटनाग्रस्त बस में पिथौरागढ़ का जवान भी शहीद हो गया।
पिथौरागढ़ के चंडाक क्षेत्र के दिनेश सिंह बोहरा आईटीबीपी में तैनात थे। इन दिनों उनकी तैनाती अमरनाथ यात्रा में थी। दिनेश सिंह की शहादत की खबर से गांव में शोक पसरा हुआ है।
उनकी शादी सात साल पहले हुई थी और उनकी 3 साल की बेटी है। दिनेश अपने घर में सबसे बड़े थे। परिवार के सबसे बड़े बेटे के जाने से पिता पूरन सिंह बोहरा, मां गीता बोहरा, पत्नी बबीता बोहरा का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश सिंह दो महीने पहले ही घर आए थे। उस दौरान उन्होंने अपनी तीन साल की बेटी को पिथौरागढ़ शहर के एक स्कूल में प्रवेश दिलाया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर शहीद जवान दिनेश बोहरा के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
 
			 
                                





